डेस्क न्यूज़
08 April, 2026
अन्य
मंदसौर। तेज आंधी-तूफान के बीच एक खुशियों भरी यात्रा पलभर में मातम में बदल गई, जब उफनती नदी में डोलती मोटर बोट (स्टीमर) से गिरकर एक युवती की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया।
जानकारी के अनुसार, कुशालपुरा निवासी 24 वर्षीय आशा पिता कन्हैयालाल सूर्यवंशी, गांव खात्याखेड़ी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। ग्राम ढौर्री के पास नदी पार करते समय अचानक तेज हवाओं के झोंकों ने मोटर बोट का संतुलन बिगाड़ दिया। बोट के जोरदार झटकों के बीच आशा संतुलन खो बैठी और सीधे गहरी नदी में जा गिरी।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और एसडीईआरएफ की टीम के साथ मिलकर तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरे और तेज बहाव के बीच घंटों तक चली मशक्कत के बाद देर रात युवती का शव नदी से बाहर निकाला गया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। तेज आंधी-तूफान के चलते जिलेभर में कई नुकसान सामने आए हैं, लेकिन यह घटना सबसे ज्यादा दिल दहला देने वाली साबित हुई है।