ताजासमाचार

एक बार फिर 120 फीट टावर पर चढ़ा युवक, अधूरे वादों से नाराज होकर उठाया कदम — अधिकारियों की समझाइश के बाद उतरा नीचे 

डेस्क न्यूज़ 08 April, 2026 अन्य

नीमच/सुवाखेड़ा। सुवाखेड़ा गांव उस समय सनसनी से गूंज उठा, जब स्थानीय युवक कमलेश डांगी अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। ऊंचाई पर खड़े युवक को देख लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही प्रशासन भी हरकत में आ गया।

बताया जा रहा है कि कमलेश डांगी ने जमीन की रजिस्ट्री के बाद भी भुगतान नहीं मिलने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि करीब 4 महीने बीत जाने के बावजूद न तो जांच पूरी हुई और न ही उसे न्याय मिला। इसी नाराजगी के चलते उसने दोबारा यह कदम उठाया। गौरतलब है कि इससे पहले 17 दिसंबर को भी वह टावर पर चढ़ा था, तब अधिकारियों के एक महीने में समाधान के आश्वासन पर नीचे उतरा था।

इस बार युवक ने साफ तौर पर अन्य अधिकारियों पर भरोसा जताने से इनकार करते हुए कलेक्टर को मौके पर बुलाने की मांग रखी। हालात को देखते हुए अपर कलेक्टर समेत प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और काफी देर तक समझाइश का दौर चला।

आखिरकार अधिकारियों की समझाइश काम आई और कमलेश डांगी सुरक्षित नीचे उतर गया। फिलहाल प्रशासन युवक से चर्चा कर पूरे मामले को सुलझाने की कोशिश में जुटा है। घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा और हलचल का माहौल बना हुआ है।

Related Post