ताजासमाचार

नीमच के राजपुरिया में गोचर भूमि पर कब्जा! ग्रामीण कन्हैयालाल ने खोला मोर्चा, कलेक्टर से लगाई गुहार

डेस्क न्यूज़ 07 April, 2026 अन्य

नीमच। जिले की ग्राम पंचायत पिपलोन के अंतर्गत ग्राम राजपुरिया में गोचर (चरागाह) भूमि पर अतिक्रमण को लेकर एक ग्रामीण ने कलेक्टर की जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई है। प्रार्थी कन्हैयालाल पिता राधेश्याम नायक ने प्रशासन से अतिक्रमण हटाने, सीमांकन कराने और उक्त भूमि पर गोशाला निर्माण की अनुमति देने की मांग की है।

अपने आवेदन में कन्हैयालाल ने बताया कि गांव की गोचर भूमि, जो पशुओं के चरने के लिए आरक्षित है, उस पर कुछ लोगों द्वारा लगातार अवैध कब्जा किया जा रहा है। धीरे-धीरे अतिक्रमण बढ़ने से चारागाह क्षेत्र सिमटता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को पशुपालन में परेशानी हो रही है।

उन्होंने कहा कि गोचर भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए होती है, लेकिन अतिक्रमण के कारण इसका मूल उद्देश्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में प्रशासन को शीघ्र सीमांकन कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाना चाहिए।

कन्हैयालाल ने यह भी बताया कि यदि भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाता है, तो वह वहां गोशाला निर्माण करना चाहते हैं, जिससे गांव के आवारा और बेसहारा पशुओं को संरक्षण मिल सकेगा। इससे ग्रामीणों को भी राहत मिलेगी और पशुओं के लिए स्थायी व्यवस्था बन पाएगी।

Related Post