ताजासमाचार

नीमच में दिव्यांग बच्चों के भविष्य पर संकट, CWSN छात्रावास शुरू करने की मांग लेकर अभिभावक पहुंचे कलेक्टर जनसुनवाई

डेस्क न्यूज़ 07 April, 2026 अन्य

नीमच। जिले में दिव्यांग बच्चों की शिक्षा एक बार फिर प्रभावित होती नजर आ रही है। मंगलवार को बड़ी संख्या में अभिभावक कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचे और सीडब्ल्यूएसएन (CWSN) छात्रावास को तत्काल शुरू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

अभिभावकों ने बताया कि नया शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुका है, लेकिन अब तक छात्रावास प्रारंभ नहीं किया गया है। इसके कारण करीब 30 दिव्यांग बच्चे विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई पर सीधा असर पड़ रहा है और वे पिछड़ते जा रहे हैं।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि ये बच्चे पूर्व में इसी छात्रावास में रहकर नियमित रूप से अध्ययन करते थे। हर वर्ष 31 मार्च को छात्रावास बंद कर दिया जाता है, लेकिन इसे समय पर पुनः शुरू नहीं किया जाता। इस लापरवाही का खामियाजा हर बार दिव्यांग बच्चों को उठाना पड़ता है।

अभिभावकों ने यह भी बताया कि जिले के अन्य सभी छात्रावास अप्रैल माह में ही शुरू हो जाते हैं और ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 16 जून से दोबारा संचालित होने लगते हैं। इसके विपरीत CWSN छात्रावास को हर बार जुलाई में शुरू किया जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई में लगभग 2 से 3 महीने का नुकसान होता है।

अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि दिव्यांग बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए छात्रावास को तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए, ताकि बच्चे नियमित रूप से स्कूल जा सकें और उनकी शिक्षा प्रभावित न हो।

इस दौरान अभिभावकों ने चेतावनी भी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आगे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Related Post