न्यूज डेस्क
21 May, 2025
दुर्घटना
नीमच। ज़िले के रामपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दुखद हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसा जोड़मी और सोनडी गांव के बीच स्थित शासकीय अस्पताल के सामने उस समय हुआ, जब खेत में मिट्टी डाल रहे ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया।
जानकारी के अनुसार, फूलपुरा निवासी विजेश गुजर ट्रैक्टर के बोनट पर बैठा था। इसी दौरान सड़क से एक बाइक सवार गुजर रहा था। उसे बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर अचानक असंतुलित हो गया। स्थिति भांपकर विजेश ने कूदकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्यवश ट्रैक्टर का पिछला पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, विजेश नाली गांव के पास खेत में मिट्टी भरने का कार्य कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर रामपुरा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मर्ग कायम किया। युवक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेजा गया, जिसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल ट्रैक्टर चालक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। मामले की जांच जारी है।