ताजासमाचार

भाजपा की नई टीम में नीमच की दमदार एंट्री — विधायक परिहार बने प्रदेश प्रवक्ता, नपा अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा को भी बड़ी जिम्मेदारी

डेस्क न्यूज़ 03 April, 2026 अन्य

नीमच। मध्य प्रदेश की राजनीति में नीमच जिले का कद एक बार फिर बढ़ा है। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को धार देने के लिए अपनी मीडिया और प्रवक्ता टीम में बड़ा विस्तार किया है, जिसमें नीमच को खास प्रतिनिधित्व मिला है।

भाजपा ने विधायक दिलीपसिंह परिहार  को प्रदेश प्रवक्ता की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, नगरपालिका अध्यक्ष  स्वाति चौपड़ा  को मीडिया पैनलिस्ट बनाकर पार्टी ने उन्हें भी महत्वपूर्ण भूमिका दी है। इन नियुक्तियों से जिले की राजनीतिक सक्रियता को प्रदेश स्तर पर नई पहचान मिलने वाली है।

पार्टी द्वारा जारी सूची में 33 प्रदेश प्रवक्ता, 9 सह-मीडिया प्रभारी और 47 मीडिया पैनलिस्ट शामिल किए गए हैं। इन नामों को प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल  की सहमति के बाद प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल  ने घोषित किया।

विधायक और नपा अध्यक्ष दोनों ही नेताओं की संगठन में मजबूत पकड़ और लंबे समय से सक्रिय भूमिका को देखते हुए पार्टी ने यह भरोसा जताया है। माना जा रहा है कि उनकी नियुक्ति से भाजपा की आवाज अब और मजबूती से प्रदेश स्तर पर गूंजेगी।

नीमच के लिए यह सिर्फ एक नियुक्ति नहीं, बल्कि जिले की राजनीतिक ताकत का प्रमाण है, जो अब प्रदेश की सियासत में और प्रभावशाली तरीके से नजर आएगी।

Related Post