द वॉचमेन पोस्ट
01 April, 2026
अपराध
नीमच। पत्रकार से बदसलूकी का मामला अब बड़ा एक्शन बनकर सामने आया है। जिला युवा प्रेस क्लब की एकजुटता के चलते आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हुई है।
मामला तब शुरू हुआ जब पत्रकार संजय यादव दशहरा मैदान स्थित श्री गणेश मंदिर से दर्शन कर पेट्रोल भरवाने फिरोज़ शाह पेट्रोल पंप पहुंचे। यहां कर्मचारियों ने पेट्रोल की कमी बताकर सिर्फ 200 रुपये का पेट्रोल भरने की बात कही।
जब इस पर सवाल उठाया गया तो जिला आपूर्ति अधिकारी से बातचीत में स्पष्ट हुआ कि ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। इसके बाद खबरें सामने आईं।
इसी से नाराज होकर अगले दिन पत्रकार को फोन पर गाली-गलौज और धमकी दी गई। मामला बढ़ने पर पत्रकारों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और कैंट थाना पुलिस को शिकायत दी।
प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए पेट्रोल पंप प्रबंधन को नोटिस जारी किया, जिसके बाद संबंधित दो कर्मचारियों को नौकरी से हटा दिया गया। वहीं पुलिस ने धमकी देने वाले आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
हालांकि बाद में जिला युवा प्रेस क्लब ने मानवीय दृष्टिकोण रखते हुए कहा कि उनका उद्देश्य किसी की नौकरी जाना नहीं था, इसलिए कर्मचारियों को पुनः रखने पर भी विचार किया जा सकता है।
इस पूरे घटनाक्रम में पत्रकारों की एकता ने साफ संदेश दिया है कि पत्रकारों के साथ अभद्रता अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।