न्यूज डेस्क
29 March, 2026
अन्य
नीमच । जिले के परदा गांव के रहने वाले प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सिंह राठौर (62 वर्ष) 31 मार्च को पुलिस विभाग की अपनी लंबी और बेदाग सेवा के बाद सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। वर्तमान में वे कुकडेश्वर थाने में पदस्थ हैं और अपने पूरे कार्यकाल में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी की मिसाल कायम करते रहे हैं।
करीब 35 वर्षों तक वर्दी पहनकर सेवा देने वाले राठौर ने अपने करियर की शुरुआत से लेकर अंत तक कई महत्वपूर्ण स्थानों पर जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने भनपुरा, गरोठ, नीमच कैंट, सरवानिया महाराज चौकी और मनासा एसडीओपी कार्यालय में अपनी सेवाएं देते हुए हर जगह अपनी अलग पहचान बनाई।
उनकी कार्यशैली हमेशा शांत, संतुलित और निष्पक्ष रही। यही कारण रहा कि उन्हें पुलिस विभाग द्वारा अतिउत्कृष्ट सेवा पदक और DGCR सम्मान से भी सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके समर्पण और कर्तव्य के प्रति निष्ठा का प्रमाण है।
सबसे गौर करने वाली बात यह है कि अपने पूरे 35 साल के सेवा काल में राठौर के खिलाफ न कभी कोई शिकायत दर्ज हुई और न ही उन्हें किसी प्रकार की विभागीय सजा मिली। उन्होंने पूरी ईमानदारी और साफ-सुथरी छवि के साथ देश सेवा का फर्ज निभाया।