ताजासमाचार

NCORD बैठक में नशे पर सख्ती का प्लान, एक दिन पहले बजरंग दल का हल्ला—नीमच में एमडी ड्रग्स पर प्रशासन एक्शन मोड में

न्यूज डेस्क 26 March, 2026 अन्य

नीमच। जिले में एमडी ड्रग्स के बढ़ते साए को लेकर एक तरफ जहां बुधवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुलिस-प्रशासन पर सवाल उठाए, वहीं अगले ही दिन गुरुवार को जिला प्रशासन ने नारकोटिक्स नियंत्रण को लेकर बड़ी बैठक कर सख्त रणनीति तैयार की है।

बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने एसपी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया था कि खारी कुआं, मूलचंद मार्ग, बघाना और मनासा क्षेत्रों में एमडी ड्रग्स का अवैध कारोबार खुलेआम चल रहा है, लेकिन पुलिस के निचले स्तर पर कार्रवाई नहीं हो रही। संगठन ने रियाज, बब्बन और रानी जैसे नामों का उल्लेख करते हुए नाबालिगों को नशे में धकेले जाने का गंभीर आरोप लगाया था। साथ ही चेतावनी दी थी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जिला बंद और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इसी बीच गुरुवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा और पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के नेतृत्व में जिला स्तरीय NCORD (नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन) समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें नशे के खिलाफ व्यापक रणनीति बनाई गई।
बैठक में प्रशासन ने अवैध मादक फसलों की निगरानी, अंतरराज्यीय मामलों की जांच पर नजर, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान, नशा प्रभावित क्षेत्रों की पहचान और वहां विशेष अभियान चलाने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर कार्ययोजना तय की। साथ ही नशे के आदी लोगों की पहचान कर उन्हें पुनर्वास से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
प्रशासन की इस सक्रियता को बजरंग दल के विरोध और चेतावनी के बाद उठाया गया कदम माना जा रहा है। अब जिले की नजर इस बात पर टिकी है कि बनाई गई रणनीति जमीन पर कितनी प्रभावी साबित होती है और क्या नाबालिगों तक पहुंच रहे इस नशे के नेटवर्क पर वाकई लगाम लग पाती है।

Related Post