ताजासमाचार

नन्हे कदमों की नई शुरुआत : आंगनवाड़ी में ‘विद्यारंभ ग्रेजुएशन सेरेमनी’, बच्चों को मिला उज्ज्वल भविष्य का संदेश

डेस्क न्यूज़ 26 March, 2026 अन्य

नीमच। शहर के ग्वालटोली स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 15 पर महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में विद्यारंभ ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों के नन्हे बच्चों ने भाग लेकर अपनी शिक्षा यात्रा के नए पड़ाव की शुरुआत की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता परियोजना अधिकारी दीपिका नामदेव ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित क्षेत्रीय पार्षद हरगोविंद दीवान एवं पार्षद भारत सिंह अहीर का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

दीपिका नामदेव ने कार्यक्रम का उद्देश्य बताते हुए कहा कि यह आयोजन उन बच्चों के लिए विशेष है, जो आंगनवाड़ी से निकलकर अब प्राथमिक विद्यालय में प्रवेश ले रहे हैं। यह उनके लिए एक नई शुरुआत है, जिसे उत्साह और प्रेरणा के साथ यादगार बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा बच्चों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए, जिन्हें पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। अतिथियों ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें नियमित रूप से स्कूल जाने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर सुपरवाइजर रश्मि बामनिया, एकता प्रेमी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शशि जैसवार, हेमलता प्रजापति, कृष्णा सोलंकी, छाया शुक्ला, रिंकू प्रजापति, अर्चना मकवाना तथा सहायिकाएं किरण जाटव, किरण यादव, सीमा दीवान, हेमलता सागर, दीपा यादव और सुमन देवी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 09, 10 एवं 11 की मातृशक्ति और बड़ी संख्या में बालक-बालिकाओं की उपस्थिति ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।

Related Post