ताजासमाचार

चैत्र नवरात्रि की अष्टमी पर केला माता मंदिर में विशाल भंडारा, श्रद्धालुओं ने लिया माता का आशीर्वाद

डेस्क न्यूज़ 26 March, 2026 अन्य

नीमच। चैत्र नवरात्रि की अष्टमी के पावन अवसर पर शहर के भूतेश्वर महादेव मंदिर रोड स्थित श्री केला माता मंदिर में गुरुवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भक्तों के सहयोग से आयोजित इस भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी थी। नवरात्रि के नौ दिनों तक यहां माता की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है, जिसमें दूर-दराज से भी श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं। केला माता मंदिर न केवल नीमच, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है।

अष्टमी के दिन आयोजित भंडारा दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होकर शाम 4 बजे तक चला। इस दौरान हजारों भक्तों ने प्रसादी ग्रहण कर माता का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने भंडारे की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभाला। सेवा कार्य में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक भी जुटे रहे, जिन्होंने भक्तों को प्रसादी वितरित करने में सहयोग किया।

श्रद्धालुओं का मानना है कि केला माता के दरबार में आने से उनकी समस्याओं का समाधान होता है और बीमारियों से राहत मिलती है। यही वजह है कि हर वर्ष नवरात्रि के दौरान यहां भक्तों का सैलाब उमड़ता है।

Related Post