ताजासमाचार

नीमच में पेंशनर्स का जोरदार विरोध प्रदर्शन: “काला कानून” वापस लेने के लगे नारे

डेस्क न्यूज़ 25 March, 2026 अन्य

नीमच। जिले में पेंशनर्स संगठनों ने वित्त मंत्रालय द्वारा पारित पेंशन संबंधी कानून के खिलाफ बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के आवाहन और मध्यप्रदेश प्रमुख पेंशनर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में पेंशनर्स कलेक्टर कार्यालय परिसर स्थित मंदिर प्रांगण में एकत्र हुए। सभी ने काली पट्टी बांधकर धरना दिया और अपने विरोध को जोरदार ढंग से व्यक्त किया।

पेंशनर्स का कहना है कि 25 मार्च 2025 को लोकसभा में पेश वित्त विधेयक, जो बाद में दोनों सदनों से पारित होकर 29 मार्च 2025 को अधिसूचित हुआ, उनके हितों के विपरीत है। उनका आरोप है कि इस कानून के लागू होने से भविष्य में पेंशन में किसी प्रकार की वृद्धि नहीं होगी, साथ ही पूर्व पेंशनर्स के साथ भेदभाव कर उनके लाभ समाप्त किए जा सकते हैं। पेंशनर्स ने यह भी चिंता जताई कि इस कानून के तहत उनके अधिकारों का हनन होने पर न्यायालय में चुनौती देना भी कठिन होगा।

धरना प्रदर्शन के बाद पेंशनर्स ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर प्रतिनिधि को सौंपा, जिसमें मांग की गई कि उक्त कानून को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए ताकि पेंशनर्स के हित सुरक्षित रह सकें। पेंशनर्स एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस दिशा में कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाती है तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पेंशनर्स शामिल रहे और सभी ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई।

Related Post