ताजासमाचार

रिश्वत आरोपों पर सियासी घेराबंदी — जनपद अध्यक्ष के खिलाफ सत्याग्रह, कार्रवाई को लेकर उबाल, कांग्रेस नेता पंकज तिवारी ने घेरा 

द वॉचमेन पोस्ट 24 March, 2026 राजनीति

नीमच।  भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर जनपद पंचायत अध्यक्ष गोपाल चारण के खिलाफ विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर गांधीवादी तरीके से सत्याग्रह और एक दिवसीय उपवास किया, साथ ही सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से बैनर और नारों के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद की। उनका आरोप है कि पंचायत स्तर पर आर्थिक अनियमितताओं के मामलों में शिकायत और जांच के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आमजन में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता पंकज तिवारी ने आरोप लगाया कि जनपद अध्यक्ष गोपाल चारण को लोकायुक्त द्वारा रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था, इसके बावजूद उन्हें पद से नहीं हटाया गया। उन्होंने कहा कि पंचायत अधिनियम की धारा 40 के तहत कलेक्टर के पास कार्रवाई का अधिकार है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रदर्शन के दौरान सिंगोली क्षेत्र की एक पंचायत में कथित आर्थिक अनियमितताओं का मुद्दा भी उठाया गया, जहां जांच के बावजूद संबंधित सरपंच पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इस तरह की ढिलाई भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रही है।
मौके पर पहुंचे एसडीएम और तहसीलदार ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी और कलेक्टर से मुलाकात का आग्रह किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अडिग रहे और सत्याग्रह जारी रखा।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक और उग्र रूप दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने मांग की है कि जनपद अध्यक्ष और संबंधित सरपंच को तत्काल पद से हटाकर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।

Related Post