डेस्क न्यूज
22 March, 2026
अन्य
नीमच (ढोलपुरा)। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, जरूरत होती है सही मार्गदर्शन और समर्पण की। इसे सच कर दिखाया है शासकीय प्राथमिक विद्यालय ढोलपुरा के दो होनहार विद्यार्थियों—राहुल भील और कंवरलाल भील—ने, जिनका चयन नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 2026-27 में हुआ है।
रविवार की विशेष कक्षाओं का मिला परिणाम
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सिद्धू लाल पुरोहित द्वारा हर रविवार नवोदय परीक्षा की विशेष कक्षाएं संचालित की जाती थीं। उनके अथक प्रयास और नवाचार का ही परिणाम है कि कक्षा पांचवीं के इन दोनों छात्रों ने मेरिट सूची में स्थान बनाकर विद्यालय और गांव का नाम रोशन किया।
‘सांदीपनि पुरस्कार’ से बढ़ता उत्साह
विद्यालय में पिछले तीन वर्षों से ‘सांदीपनि पुरस्कार’ की परंपरा चल रही है। इसके अंतर्गत नवोदय में चयनित और पांचवीं बोर्ड में प्रथम आने वाले विद्यार्थियों को ₹1000 नकद एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाता है। यह पहल स्वयं प्रधानाध्यापक द्वारा बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई है।
भील समाज के इन दो विद्यार्थियों की सफलता से पूरे गांव में हर्ष का माहौल है। इससे पहले भी इस विद्यालय से दो बालिकाओं का नवोदय में चयन हो चुका है। अब तक कुल 4 छात्रों के चयन से ग्रामीणों का सरकारी स्कूलों के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
प्रधानाध्यापक का संदेश
“यह सफलता केवल बच्चों की नहीं, बल्कि पूरे गांव की जीत है। इससे अन्य अभिभावक भी अपने बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित होंगे।” — सिद्धू लाल पुरोहित
इस उपलब्धि पर ग्रामवासियों और भील समाज ने प्रधानाध्यापक के प्रयासों की सराहना की है और दोनों छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।