ताजासमाचार

6 महीने से आवारा कुत्तों का आतंक: छात्र घायल, शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, मनासा में लोगों में रोष

न्यूज डेस्क 21 March, 2026 अन्य

नीमच। मनासा की गुरुकृपा कॉलोनी में आवारा कुत्तों की समस्या पिछले 6 महीनों से लगातार बनी हुई है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इस लापरवाही के कारण क्षेत्र के रहवासियों, खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।

ताजा मामला 27 फरवरी 2026 का है, जब बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र वेदांग सोनी पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। खुद को बचाने के प्रयास में संतुलन बिगड़ने से वह गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। यह घटना कॉलोनी में व्याप्त भय और असुरक्षा की स्थिति को दर्शाती है।

पीड़ित छात्र के अनुसार, यह समस्या नई नहीं है। अक्टूबर 2025 में भी उन्होंने CM हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन समाधान के बजाय उन्हें शिकायत वापस लेने का दबाव झेलना पड़ा। आरोप है कि संबंधित अधिकारी द्वारा “पिताजी से मिलकर बात करने” जैसी बातें कहकर छात्र को मानसिक रूप से असहज किया गया।

इसके बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ। 21 मार्च 2026 तक हालात जस के तस बने हुए हैं। हाल ही में CPGRAMS पोर्टल पर की गई शिकायत के बावजूद कॉलोनी में आज भी कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते नजर आ रहे हैं।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि रोजाना बच्चों का स्कूल जाना और लोगों का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। कई बार शिकायत करने के बावजूद जब कोई कार्रवाई नहीं हुई, तो अब लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

रहवासियों ने नगर परिषद से मांग की है कि तत्काल डॉग कैचिंग अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को हटाया जाए और क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत करने वाले नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाना चाहिए।

इस पूरे मामले में नगर परिषद के संबंधित अधिकारी लोकेन्द्र साधू से फोन के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया, जिसके चलते उनका पक्ष सामने नहीं आ सका।

Related Post