न्यूज डेस्क
21 March, 2026
अन्य
चित्तौड़गढ़ \ नीमच। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच एक बार फिर नीमच कनेक्शन सामने आया है। चित्तौड़गढ़ जिले में ऑपरेशन “त्रिनेत्र” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 किलो 864 ग्राम अवैध अफीम जब्त कर नीमच जिले के मनासा क्षेत्र के एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, निम्बाहेड़ा पुलिस और जिला स्पेशल टीम द्वारा जलिया चेकपोस्ट पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान नीमच की ओर से आ रही एक होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल के चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने तुरंत वाहन को रुकवाकर गहन तलाशी ली।
जांच के दौरान पुलिस को बाइक की पेट्रोल टंकी के नीचे एक खास तरीके से बनाई गई गुप्त जगह (स्कीम) मिली। इस छिपे हुए हिस्से में 6 प्लास्टिक थैलियों में भरी 9.864 किलो अवैध अफीम छुपाकर रखी गई थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
नीमच का तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से 27 वर्षीय रितुराज सिंह राठौड़, निवासी पिपल्यारावजी, थाना मनासा, जिला नीमच को गिरफ्तार किया है। आरोपी के अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत की गई, जो आईजीपी गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी है।
बड़े नेटवर्क की जांच जारी
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे तस्करी नेटवर्क, सप्लाई चेन व अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी है। संभावना है कि इस मामले में आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत सूचना दें, ताकि “नशा मुक्त भारत” अभियान को मजबूत बनाया जा सके।