डेस्क न्यूज
20 March, 2026
अन्य
नीमच | सिंधी समाज के आराध्य देव वरुणदेव भगवान श्री झूलेलाल के 1076वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में “चेट्रीचंड्र महोत्सव-2026” पूरे शहर में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में गठित ‘चेट्रीचंड्र उत्सव समिति’ द्वारा आयोजित यह महोत्सव इस वर्ष भी भव्य और आकर्षक रहा।
आयोजन स्थानीय श्री भाग्येश्वर महादेव आश्रम मंदिर परिसर में संपन्न हुआ। महोत्सव 15 फरवरी से विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ शुरू हुआ। इसमें ‘सिंधी प्रीमियम लीग-2026’ क्रिकेट प्रतियोगिता, नाइट टर्फ क्रिकेट, बैडमिंटन टूर्नामेंट, म्यूजिकल योग शिविर, प्रभात फेरियां, महिलाओं और बच्चों की प्रतियोगिताएं प्रमुख आकर्षण रहीं।
पहली बार आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में रक्तदान, थैलेसीमिया जांच और दंत परीक्षण जैसी सेवाएं प्रदान की गईं। वरिष्ठ नागरिकों के लिए मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
मुख्य कार्यक्रम शुक्रवार, 20 मार्च को हुआ। प्रातः 6:30 बजे भगवान झूलेलाल का अभिषेक, 8 बजे ज्योत जागरण और दोपहर 12:15 बजे श्री भोग साहेब का आयोजन हुआ। सुबह 9 बजे भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें आकर्षक डोली में विराजमान भगवान नगर भ्रमण पर गए। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः आश्रम मंदिर में समाप्त हुई।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ ने भक्ति का माहौल बनाए रखा। दोपहर 2 बजे लंगर प्रसादी और 3 बजे ठंडाई वितरण किया गया। समापन अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, खान-पान के स्टॉल और पुरस्कार वितरण भी आयोजित किए गए, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए और महोत्सव को यादगार बनाया।