डेस्क न्यूज
20 March, 2026
अन्य
मंदसौर | मंदसौर से नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई सामने आई है, जहां तस्करों की चालाकी पर पुलिस ने करारा प्रहार किया है।
नशा मुक्ति अभियान के तहत मंदसौर जिले की नाहरगढ़ पुलिस ने मक्का के बोरों की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप को पकड़ लिया है। तस्करों ने ट्रक के ऊपर मक्का के बोरे रखे थे, जबकि नीचे बेहद शातिर तरीके से अंग्रेजी शराब की पेटियां छिपाई गई थीं, ताकि किसी को जरा भी शक न हो।
इतना ही नहीं… पुलिस से बचने के लिए फर्जी बिल्टी तक तैयार की गई थी, जिससे शराब को आसानी से एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाया जा सके।
गुरुवार को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के बाद पुलिस ने नापाखेड़ा-बिल्लोद रोड पर नाकाबंदी की… और जैसे ही संदिग्ध ट्रक को रोका गया, पूरी सच्चाई सामने आ गई। तलाशी के दौरान मक्का के बोरों के नीचे से 550 पेटियां बरामद हुईं… जिनमें करीब 6500 बल्क लीटर अवैध शराब भरी हुई थी। इसकी कीमत लगभग 70 लाख रुपये आंकी गई है।
जांच में सामने आया है कि यह शराब राजस्थान से गुजरात ले जाई जा रही थी। मौके से ट्रक चालक भरत रेबारी, निवासी पोरबंदर, गुजरात को गिरफ्तार कर लिया गया है।
अब पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर पूरे अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी हुई है।
फिलहाल, इस बड़ी कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है और मंदसौर पुलिस को नशा मुक्ति अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।