ताजासमाचार

कटाई के बीच कर्ज का संकट: विधायक विपिन जैन ने सीएम को लिखा पत्र, ऋण जमा तिथि बढ़ाने की मांग

द वॉचमेन पोस्ट 17 March, 2026 राजनीति

मंदसौर | किसानों की परेशानी को देखते हुए विधायक विपिन जैन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सोसायटियों में ऋण जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि वर्तमान में जिले में रबी सीजन की मुख्य फसल गेहूं की कटाई जारी है, जबकि बड़ी संख्या में किसानों की फसल अभी भी खेतों में खड़ी है। ऐसे में किसान अपनी उपज बेचकर ऋण चुकाने की स्थिति में नहीं हैं।

उन्होंने बताया कि समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की तिथि 16 मार्च से बढ़ाकर 1 अप्रैल 2026 कर दी गई है, जबकि सोसायटियों में ऋण जमा करने की अंतिम तिथि 28 मार्च 2026 निर्धारित है। इससे किसानों के सामने असमंजस की स्थिति बन गई है।
विधायक के अनुसार, किसान फसल बेचने और भुगतान मिलने के बाद ही ऋण जमा कर सकते हैं। ऐसे में खरीदी प्रक्रिया शुरू होने से पहले ऋण जमा करना व्यवहारिक नहीं है। साथ ही मार्च के अंतिम सप्ताह में आने वाले अवकाश के कारण समय और भी सीमित हो जाता है।

स्थानीय किसान संगठनों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए तिथि बढ़ाने की जरूरत बताई है। विधायक विपिन जैन ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि किसानों के हित में ऋण जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने के निर्देश जारी किए जाएं, ताकि किसान बिना दबाव के अपना कर्ज चुका सकें।

Related Post