न्यूज डेस्क
17 March, 2026
अन्य
नीमच। मध्य प्रदेश बिजली कर्मचारी महासंघ के प्रदेश स्तरीय आंदोलन के तहत पहले चरण में सोमवार को नीमच जिला मुख्यालय पर कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बिजली कर्मचारी महासंघ शाखा नीमच के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारी अधीक्षक यंत्री कार्यालय पहुंचे और अधीक्षण यंत्री जयपाल सिंह ठाकुर को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
कार्यालय परिसर में संविदा, आउटसोर्स और नियमित कर्मचारियों की बड़ी भीड़ जुटी। कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि उनकी कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं, जिन पर बार-बार ध्यान दिलाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने सेवा सुरक्षा, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, कार्य परिस्थितियों में सुधार सहित अन्य प्रमुख मांगों को शासन-प्रशासन के सामने रखा। कर्मचारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो महासंघ उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा।
इस दौरान क्षेत्रीय सचिव प्रशांत कुशवाह ने ज्ञापन का वाचन करते हुए कर्मचारियों की समस्याओं को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और अब सरकार को इस दिशा में ठोस निर्णय लेना ही होगा।
कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष नितिन साहू सहित कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।