ताजासमाचार

हाईवे पर रफ्तार का कहर: एएसपी रीडर हेमंत सिंह शक्तावत के बेटे की कार ने खाईं 3-4 पलटियां, बस के कैमरे में कैद हुआ खौफनाक हादसा

डेस्क न्यूज 16 March, 2026 अन्य

नीमच | महू-नीमच हाईवे पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार कार के बेकाबू होकर तीन से चार पलटियां खाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हादसा इतना खतरनाक था कि कार सड़क से नीचे जा गिरी। गनीमत रही कि कार चालक को गंभीर चोट नहीं आई। पूरी घटना पास से गुजर रही एक बस के क्लोज सर्किट कैमरे में कैद हो गई, जिसका करीब 20 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार रविवार शाम करीब 4:45 बजे बोतलगंज के पास महू-नीमच हाईवे पर नीमच से मंदसौर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार मारुति सुजुकी एस-प्रेसो (MP-43-CA-0920) कार ओवरटेक करने के दौरान अचानक बेकाबू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार चालक ने एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी संतुलन बिगड़ गया और कार हाईवे पर तीन से चार बार पलटी खाते हुए सड़क से नीचे जा गिरी।

एएसपी रीडर का बेटा चला रहा था कार

कार चला रहे युवक की पहचान वेदांत सिंह शक्तावत (21) निवासी नीमच के रूप में हुई है। वे पुलिस विभाग में कार्यरत एएसपी के रीडर हेमंत सिंह शक्तावत के पुत्र बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बस के कैमरे में कैद हुआ हादसा

हादसे के दौरान पास से गुजर रही एक बस के सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। करीब 20 सेकंड का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार को हाईवे पर पलटियां खाते हुए नीचे गिरते देखा जा सकता है।

टोल प्लाजा की एम्बुलेंस पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पिपलिया मंडी टोल प्लाजा की एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंची। पैरामेडिकल स्टाफ नवीन कुमार गौड़, पायलट गोविंद राठौड़ और सहायक दिनेश बागड़ी ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल मंदसौर पहुंचाया गया।

कार की छत पर हाथ टिकाने से बची जान

युवक के पिता हेमंत सिंह शक्तावत के अनुसार हादसे के दौरान जब कार पलटने लगी तो वेदांत ने अपने हाथ कार की छत (रूफ) पर टिकाए रखे। इससे उसे गंभीर चोट नहीं आई और सिर्फ पैर में मामूली खरोंचें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

बड़ा सवाल: हाईवे पर रफ्तार कब थमेगी ?

महू-नीमच हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे सामने आ रहे हैं। इस ताजा घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर हाईवे पर रफ्तार के इस खतरनाक खेल पर लगाम कब लगेगी।

Related Post