न्यूज डेस्क
14 March, 2026
अपराध
भीलवाड़ा/नीमच। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में पुलिस ने एक ऐसे महिला चोर गिरोह का खुलासा किया है, जिसका तरीका सुनकर हर कोई हैरान रह गया। यह गिरोह मध्यप्रदेश के नीमच जिले से कार में राजस्थान आता था और भीड़भाड़ वाले धार्मिक कार्यक्रमों में महिलाओं के गहने चोरी करता था। खास बात यह थी कि चोरी के बाद महिलाएं छोटे-छोटे सोने के आभूषण निगल जाती थीं, जो बाद में शौच के दौरान बाहर निकल आते थे और उन्हें धोकर फिर से अपने पास रख लेती थीं।
कोटड़ी थानाधिकारी महावीर मीणा के अनुसार शीतला सप्तमी के दिन कोटड़ी स्थित चारभुजा मंदिर में रंगोत्सव कार्यक्रम आयोजित हुआ था, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। भीड़ का फायदा उठाकर गिरोह की महिलाएं भी वहां पहुंचीं और महिलाओं के गले से सोने के जेवरात चोरी कर लिए।
कोटड़ी निवासी राधा अहीर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मंदिर कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान किसी ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र और छह सोने के मोतियों का हार चोरी कर लिया। मंदिर से बाहर निकलने पर उन्हें जेवरात गायब होने का पता चला।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान पता चला कि संदिग्ध महिलाएं दूसरे राज्य से आई हैं। बुधवार रात गश्त के दौरान पुलिस टीम को सात संदिग्ध महिलाएं एक कार में घूमती नजर आईं। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने गुरुवार देर शाम सातों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया और मेडिकल जांच करवाई। एक्स-रे के दौरान एक महिला के पेट में मंगलसूत्र और सोने के मोती दिखाई दिए। इसके बाद सपना नाम की महिला को भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की मदद से उसके पेट से मंगलसूत्र और छह सोने के मोती बाहर निकाले गए।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिलाओं में शानू (31), व्रतिका (20), बरजी बाई (52), बसंती (60), मैना (28), पायल (20) और सपना (32) शामिल हैं। सभी महिलाएं मध्यप्रदेश के नीमच जिले के अलग-अलग गांवों की रहने वाली बताई जा रही हैं और बांचड़ा समाज से जुड़ी हैं।
पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि वे भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजनों और मेलों को निशाना बनाती थीं। जेवरात चोरी करने के बाद पकड़े जाने के डर से उन्हें निगल लेती थीं या कपड़ों में छिपा देती थीं, ताकि तलाशी के दौरान किसी को शक न हो। पुलिस अब गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों की भी जानकारी जुटा रही है।