डेस्क न्यूज
13 March, 2026
अन्य
नीमच। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) नीमच के सभागार में कक्षा 5 एवं कक्षा 8 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह मूल्यांकन कार्य 6 मार्च से 12 मार्च तक संचालित किया गया। हालांकि कार्यक्रम की अंतिम तिथि 14 मार्च निर्धारित थी, लेकिन सभी मूल्यांकनकर्ताओं के उत्कृष्ट सहयोग, अनुशासन और कार्यनिष्ठा के कारण निर्धारित समय से पहले ही सभी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूर्ण कर लिया गया। पूरा कार्य सुव्यवस्थित, आनंदपूर्ण और तनावमुक्त वातावरण में संपन्न हुआ।
मूल्यांकन कार्यक्रम के समापन अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा अधिकारी सुजानमल मांगरिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना से हुई, जिससे पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल बन गया। इसके बाद दिग्विजय पालीवाल ने प्रेरणादायी सामूहिक गीत प्रस्तुत कर सभी को उत्साहित किया।
कार्यक्रम की प्रस्तावना कार्यक्रम संचालक पंकज गुर्जर ने प्रस्तुत की। उन्होंने मूल्यांकन कार्य की रूपरेखा बताते हुए सभी मूल्यांकनकर्ताओं के सहयोग की सराहना की। इसके पश्चात संस्थान के प्राचार्य निर्मल राठौर ने अतिथियों एवं उपस्थित शिक्षकों का स्वागत करते हुए अध्यक्षीय उद्बोधन दिया और मूल्यांकन कार्य को शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
इस अवसर पर मूल्यांकन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दस विषयों के श्रेष्ठ मूल्यांकनकर्ताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही प्रत्येक विषय के विषय प्रभारी को भी सम्मानित किया गया, जिन्होंने मूल्यांकन कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के दौरान बनाए गए कंट्रोल रूम में उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण, प्राप्ति, सुरक्षित संधारण और पैकेजिंग जैसे कार्य अत्यंत व्यवस्थित तरीके से संपन्न किए गए। इस उत्कृष्ट व्यवस्था के लिए कंट्रोल रूम के प्रभारीगणों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा मूल्यांकन व्यवस्था को सफल बनाने में योगदान देने वाले संचालन समूह का भी अभिनंदन किया गया।
संस्थान के कार्यों में निरंतर समर्पण और उल्लेखनीय योगदान देने वाले सात कर्मचारियों को भी इस अवसर पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी सुजानमल मांगरिया ने अपने मार्गदर्शनपूर्ण उद्बोधन में पिछले वर्ष के परीक्षा परिणामों का उल्लेख करते हुए इस वर्ष बेहतर शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए शिक्षकों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन से ही विद्यार्थियों के भविष्य की सही दिशा तय होती है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. रिचा जायसवाल ने सभी अतिथियों, मूल्यांकनकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।