ताजासमाचार

एक पल में बुझ गए दो घरों के चिराग !  पिपलियाहाड़ी  में  आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, प्रकाश बंजारा और बबलू गंधर्व की दर्दनाक मौत, परिवारों में मचा कोहराम

डेस्क न्यूज 13 March, 2026 अन्य

नीमच। मनासा-रामपुरा मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा गांव पिपलियाहाड़ी के पास गैस गोदाम के नजदीक हुआ, जहां दो बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को मनासा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतकों में प्रकाश (23) पिता गिरधारी बंजारा निवासी जोरावरपुरा, नीमच सिटी थाना क्षेत्र शामिल है। वह गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे बाइक से घर लौट रहा था। बताया जा रहा है कि प्रकाश कंबल के व्यवसाय के सिलसिले में पश्चिम बंगाल गया हुआ था और वहीं से लौटकर घर आ रहा था। उसकी शादी करीब 5 साल पहले हुई थी।

दूसरे मृतक की पहचान बबलू (35) पिता नंदलाल गंधर्व निवासी पिपलियाहाड़ी, मनासा के रूप में हुई है। बबलू मनासा से अपने घर लौट रहा था और घर से महज आधा किलोमीटर पहले ही हादसे का शिकार हो गया। वह डीजे साउंड का काम करता था और उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं।

इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। गांव में भी शोक का माहौल है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों युवकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Related Post