न्यूज डेस्क
18 May, 2025
दुर्घटना
नीमच। जिला मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर रामपुरा नगर में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। हवेलीसात निवासी 9 वर्षीय इब्राहिम पिता मुबारिक खान की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 3:30 बजे की है, जब इब्राहिम अपनी बहन और भाई के साथ तालाब किनारे बकरियां चरा रहा था।
बताया जा रहा है कि रंगरेज समाज की मस्जिद के पीछे बनी पाल पर चलते समय इब्राहिम का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कहार भोई समाज के दूधमल जी कहार ने बलिए की मदद से बच्चे का शव तालाब से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है।
घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाब की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने की मांग की है।