ताजासमाचार

शक्तिनगर निवासी महिला ने बघाना पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप, कलेक्टर और एसपी से की शिकायत, थाना प्रभारी ने बोले आरोप झूठे

डेस्क न्यूज 10 March, 2026 अन्य

नीमच । जिले के बघाना थाना क्षेत्र में एक महिला ने थाना प्रभारी और पुलिस कर्मियों पर अभद्र व्यवहार करने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता रेखा जोशी, निवासी शक्तिनगर, ने लिखित आवेदन देकर पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

रेखा जोशी ने अपने आवेदन में बताया कि 2 मार्च 2026 को उनके और मंदिर की पुजारी के बीच पूजा पाठ को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद जब उन्होंने बघाना थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई, तो उनका आरोप है कि पुलिस ने उनका अपमान किया और अभद्र व्यवहार किया। महिला ने बताया कि पुलिस ने मोबाइल फोन जबरन ले लिया, उनका और उनकी वृद्ध मां का सम्मान नहीं किया, और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।

महिला के अनुसार, उनकी लगभग 70 वर्ष की मां को धक्का देकर बाहर निकाल दिया गया, और जब उन्होंने एसपी कार्यालय जाने की बात कही तो एक पुलिसकर्मी ने उनका हाथ पकड़कर खींचा, जिससे उनके हाथ में चोट भी आई। इस दौरान उनके घर पर भाभी और भतीजी मौजूद थीं, जिन्होंने पूरी घटना देखी।

रेखा ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें खाली कागजों पर हस्ताक्षर करने के लिए दबाव डाला और शिकायत वापस लेने के लिए कहा। उन्होंने एसपी से निवेदन किया कि उनके और उनकी वृद्ध मां के साथ हुई इस घटना की निष्पक्ष जांच कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।

वहीं बघाना थाना प्रभारी राधेश्याम डांगी ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस ने किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार नहीं किया। उनका कहना है कि रेखा जोशी और उनकी मां के खिलाफ पूरा मोहल्ला परेशान है और ये लोग अक्सर झगड़ा करते रहते हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि मंदिर समिति के पुजारी और रेखा जोशी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उनके अनुसार महिला द्वारा लगाए जा रहे सभी आरोप झूठे और निराधार हैं।

Related Post