डेस्क न्यूज
10 March, 2026
अन्य
नीमच। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच पुलिस ने जिलेभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 प्रकरण दर्ज कर 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है।
नीमच पुलिस ने 09 मार्च 2026 को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने 285 लीटर अवैध देसी शराब, 150 लीटर अंग्रेजी शराब, 360 बीयर कैन, 62 बोतल बीयर तथा 12 लीटर कच्ची शराब जब्त की।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के निर्देशों तथा पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ एवं शराब के खिलाफ विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई |
नीमच केंट थाना- अभियान के तहत आबकारी अधिनियम में 5 प्रकरण दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 16.02 लीटर देशी शराब और 31 बीयर कैन जब्त किए।
नीमच सिटी थाना- बस स्टैंड स्थित होटल में दबिश देकर आरोपी यशवंत पिता भंवर सिंह सांखिया निवासी झुलका को गिरफ्तार किया गया। मौके से 81.170 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। होटल मालिक और शराब सप्लाई करने वाले व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है।
बघाना थाना - ग्राम सगोडा में कार्रवाई करते हुए 63 लीटर अंग्रेजी शराब, 24 बीयर बोतल और 360 बीयर कैन जब्त किए गए। इस मामले में आरोपी मुकेश बिहारी को गिरफ्तार किया गया।
जीरन थाना - 3 प्रकरणों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 36 लीटर देशी शराब जब्त की गई।
मनासा थाना - 5 प्रकरणों में 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर 45 लीटर देशी शराब और 7 बीयर जब्त की गई।
कुकड़ेश्वर थाना - 3 प्रकरणों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर 18 लीटर देशी शराब और 8 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
रामपुरा थाना - 4 प्रकरणों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर 108.72 लीटर देशी शराब जब्त की गई।
जावद थाना- 9 प्रकरणों में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर 5.4 लीटर अंग्रेजी शराब, 33.3 लीटर देशी शराब और 4 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई।
रतनगढ़ थाना - 1 प्रकरण में 1 आरोपी को गिरफ्तार कर 7.2 लीटर देशी शराब बरामद की गई।
सिंगोली थाना- 2 प्रकरणों में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर 16.56 लीटर देशी शराब जब्त की गई।
पुलिस ने सभी मामलों में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवेचना के दौरान अवैध शराब की सप्लाई करने वाले अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी आरोपी बनाया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को अवैध शराब बनाने, बेचने या परिवहन करने वालों के बारे में जानकारी हो तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।