डेस्क न्यूज
10 March, 2026
अन्य
नीमच। शहर के वार्ड क्रमांक-1 के रहवासी लंबे समय से बनी पेयजल समस्या से परेशान होकर मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे और क्षेत्र में जल्द से जल्द पेयजल पाइपलाइन बिछाने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा।
रहवासियों ने बताया कि उनके मोहल्ले में अब तक नगर पालिका द्वारा पेयजल पाइपलाइन नहीं डाली गई है, जिसके कारण लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को रोजाना पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता है, जबकि कुछ लोग मजबूरी में निजी ट्यूबवेल और पुराने कुओं के पानी पर निर्भर हैं।
मोहल्लावासियों का कहना है कि ट्यूबवेल और कुओं का पानी भी कई बार साफ नहीं होता, जिससे लोगों को दूषित पानी पीना पड़ रहा है। इसके कारण क्षेत्र में बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय में दूषित पानी के कारण क्षेत्र के कुछ बच्चे गंभीर बीमारियों की चपेट में भी आ चुके हैं, जिससे पूरे मोहल्ले में चिंता का माहौल बना हुआ है।
रहवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे पहले भी कई बार नगर पालिका और प्रशासन को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
जनसुनवाई में दिए गए आवेदन के माध्यम से क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि वार्ड क्रमांक-1 में शीघ्र पेयजल पाइपलाइन बिछाने की स्वीकृति दी जाए और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और उन्हें सुरक्षित पानी उपलब्ध हो सके।
इस दौरान राजेश बैरागी, संजय शर्मा, रामकुमार कुमावत, हरीश वर्मा, निरंजन बैरागी, राजेंद्र जोशी, बल्लू कुमावत, ओमप्रकाश सेन, बालकिशन टेलर सहित मोहल्ले के कई रहवासी मौजूद रहे।