ताजासमाचार

फाग महोत्सव में महिलाओं ने खेली फूलों की होली, भजनों से गुंजायमान हुआ परशुराम मंदिर

डेस्क न्यूज 09 March, 2026 अन्य

नीमच। नागदा मेनारिया ब्राह्मण समाज महिला समिति छावनी नीमच के तत्वावधान में रंगों के त्योहार होली के पावन उपलक्ष्य में रविवार दोपहर 2 बजे भारतीय जीवन बीमा निगम चौराहे के समीप परशुराम मंदिर सभा कक्ष में “रंग-रंगीला फाग महोत्सव” का आयोजन विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ उत्साहपूर्वक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके पश्चात भगवान परशुराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने फूलों की होली खेलते हुए एक-दूसरे को प्राकृतिक रंगों से गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने कई भजन प्रस्तुत किए, जिनमें “कितना प्यारा है श्रृंगार तेरी नजर लेऊं उतार”, “सांवरिया ले चल परली पार”, “अरे रंग मत डालो रे सांवरिया”, “कृष्ण आजा रे बरसाने में आपा होली खेलांगा”, “मोहन आओ तो सही माधव रा मंदिर में”, “वृंदावन में धूम मचावे बरसाने की छोरी”, “मीठे रस से भरियो री राधा रानी लगे”, “मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है” तथा “मेरा खो गया बाजूबंद रसिया होरी में” जैसे भजनों पर भक्ति और उत्साह का वातावरण बन गया।

इस अवसर पर बालिकाओं एवं मातृशक्ति द्वारा राधा-कृष्ण स्वांग झांकी के श्रृंगार की प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। आयोजन को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया और समाजजन व पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

महिला समिति अध्यक्ष पूर्णिमा शर्मा, सचिव ललित नागदा तथा सांस्कृतिक सचिव नेहा नागदा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विनीता नागदा, शकुंतला जोशी, मीनाक्षी जोशी, निवेदिता नागदा, रंजना नागदा, चंचल नागदा, अनु शर्मा, भारती मेनारिया, चंचल मेनारिया, नीतू जोशी, प्रीति जोशी, प्रियंका नागदा एवं हिना नागदा सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन एवं नृत्य की विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इसमें जानवी नागदा और चंचल मेनारिया को सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया, वहीं अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।

Related Post