ताजासमाचार

छत के रास्ते घुसे चोर… लॉकर की चाबी भी तैयार ! शहर में चोरी की वारदात ने बढ़ाई नीमच पुलिस की टेंशन

न्यूज डेस्क 05 March, 2026 अन्य

नीमच। शहर के कैंट थाना क्षेत्र की हुडको कॉलोनी में चोरों ने सुनियोजित तरीके से एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। वारदात मकान नंबर 234 में हुई, जहां की मालकिन सीमा अवस्थी 25 फरवरी से पारिवारिक कार्य के चलते कोटा गई हुई थीं। मंगलवार को जब वे घर लौटीं तो दूसरी मंजिल की बालकनी का दरवाजा खुला मिला और कमरे के भीतर सामान बिखरा पड़ा था। यह नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।
जानकारी के अनुसार चोर आसपास के मकानों की छतों के रास्ते दूसरी मंजिल तक पहुंचे और बालकनी के जरिए घर के भीतर दाखिल हुए। खास बात यह रही कि चोरों ने अलमारी को तोड़ने या तोड़फोड़ करने की बजाय डुप्लीकेट चाबी का इस्तेमाल कर सीधे लॉकर खोल लिया। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि वारदात को अंजाम देने वालों को घर की बनावट और अंदर रखे कीमती सामान की पहले से जानकारी थी।

पीड़िता सीमा अवस्थी के मुताबिक अलमारी के सेफ में रखी गहनों की पोटली गायब है। चोरी हुए आभूषणों में सोने का हार, चार चूड़ियां, अंगूठियां, टीका के साथ चांदी की करधनी और पायजेब शामिल हैं। शुरुआती अनुमान के मुताबिक चोरी गए जेवरों की कीमत लाखों रुपए में बताई जा रही है। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल बन गया है।
सूचना मिलते ही नीमच केंट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के मकानों और गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर जल्द से जल्द आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
उल्लेखनीय है कि इसी दिन केंट पुलिस ने सराफा बाजार से जुड़े मंगलम ज्वेलर्स के मुनीम द्वारा 65 ग्राम सोने की चोरी की मनगढ़ंत कहानी का खुलासा करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया था और चोरी किया गया सोना भी बरामद कर लिया था। एक ही दिन में सामने आई इन दो घटनाओं ने पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था की चुनौती को और बढ़ा दिया है।
फिलहाल केंट पुलिस अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर चोरी के हर पहलू की गहन जांच में जुटी हुई है।

Related Post