ताजासमाचार

भक्ति और समरसता का अद्भुत संगम: हजारों श्रद्धालुओं ने किया 76वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ

न्यूज डेस्क 05 March, 2026 अन्य

मनासा। सामाजिक समरसता, सनातन एकता, धर्म जागरण और जीवन में संस्कार भाव जागृत करने के उद्देश्य से लगातार 76 सप्ताह से प्रत्येक मंगलवार को आयोजित हो रहे सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ का आयोजन इस बार भी अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। इस पावन सत्संग में शामिल होने वाला हर भक्त पूरे समय प्रभु नाम संकीर्तन और स्मरण में स्वयं को जोड़कर आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करने का प्रयास करता है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को इस बात से कोई मतलब नहीं रहता कि उनके पास कौन बैठा है, बस एक ही विश्वास रहता है कि सब सनातनी भाई-बहन हैं।

अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय शाहपुरा के युवा, विद्वान भागवताचार्य एवं राम राष्ट्र आराधक संत श्री चेतनराम जी की पावन प्रेरणा से मंदिरों के साथ-साथ धर्म, आध्यात्म और संस्कारों की इस नगरी में 76वां सामूहिक सत्संग रावत मीणा समाज के श्रीचारभुजानाथजी मंदिर एवं श्रीशीतला माता मंदिर प्रांगण में हजारों सनातन परिवारों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत रावत मीणा समाज मनासा के अध्यक्ष बापूलाल रावत, राधेश्याम रावत, कारुलाल रावत, भरत रावत, पवन रावत, मंगल रावत, मनोहर रावत, किशन रावत, विष्णु रावत, जगदीश रावत और सिद्धार्थ रावत सहित अन्य समाजजनों द्वारा श्रीहनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर की गई।

सत्संग के दौरान भजन गायकों ने अपनी प्रस्तुतियों से पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्री राजकुमार मारु ने ‘मेरा बाबा मेरे साथ है तो मुझे किस बात की कमी है’ भजन से श्रीहनुमान जी के प्रति अटूट विश्वास प्रकट किया। श्याम चौधरी ने ‘थारी जय हो पवन कुमार, मैं वारी जाऊं बालाजी’ भजन से भक्तों को भावविभोर कर दिया। कमल विजयवर्गीय ने ‘मांगू जो तो हगरो दीजो जाडूं दोनों हाथ’ भजन के माध्यम से श्रीचारभुजाजी से अपनी विनती रखी।

वहीं विजय उपाध्याय ने जोशीले अंदाज में ‘कुछ याद करो अपना पवनसुत वो बालपन’ भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं में उत्साह भर दिया। अर्पित शर्मा ने माताजी के दरबार में ‘पांवां में झांझर बाजणी’ भजन से भक्तों को नृत्य करने पर मजबूर कर दिया। गोपाल राठौर ने मालवा-मेवाड़ की प्रसिद्ध लावणी ‘हेलो हुणजे रे मारा रूप चतुरभुज भाला वारा रे’ गाकर पूरे पांडाल को झूमने पर मजबूर कर दिया। अंत में ओम सोनी ने ‘श्रीराम जी की सेना चली’ भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिरस और उत्साह से भर दिया।

कार्यक्रम के समापन पर सनातन सत्संग मंडल द्वारा सभी सनातन परिवारों एवं आयोजन के लाभार्थी रावत मीणा समाज का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही आगामी 10 मार्च, मंगलवार को रात्रि 8:30 बजे श्री रामेश्वरम कॉलोनी में आयोजित होने वाले 77वें सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ में सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होने का आग्रह किया गया।

Related Post