ताजासमाचार

संकल्प से समाधान: सिंगोली में लगा दिव्यांगता शिविर, 119 ने कराया पंजीयन, मौके पर जारी हुए प्रमाण पत्र, पहचान से अधिकार तक… प्रशासन का विशेष अभियान

डेस्क न्यूज 01 March, 2026 अन्य

नीमच। दिव्यांगजनों को उनके अधिकारों से जोड़ने और त्वरित प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत शासकीय अस्पताल सिंगोली (डोम) में विशेष शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के आदेशानुसार आयोजित हुआ।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अमन वैष्णव तथा डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी उप संचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग पराग जैन के निर्देशन में यह शिविर संपन्न हुआ। अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आयुष और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के समन्वय से जिलेभर में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चले शिविर में कुल 119 दिव्यांगजनों ने पंजीयन कराया। शिविर के दौरान
83 हितग्राहियों को निशक्तता प्रमाण पत्र जारी किए गए, 50 को बस सुविधा परिचय पत्र प्रदान किए गए, 13 को रेल सुविधा प्रमाण पत्र दिए गए।
दिव्यांगजनों में 16 मानसिक, 40 हड्डी (ऑर्थोपेडिक), 9 तंत्रिका संबंधी, तथा 5 नेत्र संबंधी श्रेणी के प्रकरण शामिल रहे। वहीं 36 आवेदक अपात्र पाए गए, जिनकी दिव्यांगता प्रतिशत 40 से कम रही।

नगर परिषद सिंगोली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन शिविर में पहुंचे और मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई पूर्ण कर प्रमाण पत्र प्राप्त किए। शिविर में नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता यादव, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अरविंद, मानसिक चिकित्सक डॉ. कृष्णकांत कारपेंटर, मेडिकल स्पेशलिस्ट डॉ. सतीश चौधरी, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. मुकेश मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी सेवाएं दीं। डीडीआरसी से क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट भूरालाल अहीर एवं फिजियोथैरेपिस्ट तन्वी कोठारी भी उपस्थित रहे।

 आगामी विशेष शिविर
अभियान के अंतर्गत आगामी विशेष कैंप: 05 मार्च 2026 — शासकीय चिकित्सालय कुकडेश्वर 06 मार्च 2026 — शासकीय चिकित्सालय सिंगोली एवं जनपद पंचायत/नगर परिषद मनासा। 
प्रशासन ने अधिक से अधिक दिव्यांग हितग्राहियों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर त्वरित पहचान एवं प्रमाण-पत्र सुविधा का लाभ उठाएं।

Related Post