ताजासमाचार

राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, 9,750 बालिकाओं को मिलेगा सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा कवच

डेस्क न्यूज 28 February, 2026 अन्य

नीमच। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से जिले में राष्ट्रीय एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। देशभर में इस महत्वपूर्ण अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजस्थान के अजमेर से किया गया, जिसके साथ ही नीमच जिले में भी टीकाकरण कार्यक्रम प्रारंभ हो गया।

जिला अस्पताल सहित निर्धारित सभी टीकाकरण केंद्रों पर 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाया जाएगा। यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में अत्यंत प्रभावी माना जाता है और किशोरावस्था में लगाए जाने पर बेहतर प्रतिरोधक क्षमता प्रदान करता है। शुभारंभ अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दिनेश प्रसाद ने बताया कि यह अभियान बहन-बेटियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीका महिलाओं के लिए सुरक्षा कवच की तरह कार्य करेगा और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में उल्लेखनीय कमी लाने में सहायक सिद्ध होगा। यह पहल आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ और सुरक्षित जीवन प्रदान करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

नीमच जिले में एक माह के भीतर कुल 9,750 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिला अस्पताल के अतिरिक्त दो सिविल अस्पताल एवं तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को टीकाकरण केंद्र बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इस अभियान का लाभ उठा सकें। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्षीय बेटियों का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित बनाएं और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें।

Related Post