डेस्क न्यूज
28 February, 2026
राजनीति
नीमच। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं क्षेत्र के मार्गदर्शक रहे स्व. खुमान सिंह शिवाजी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर “स्व. खुमान सिंह शिवाजी अमर रहें” के नारों से वातावरण गूंज उठा और सभी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने स्व. शिवाजी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्व. शिवाजी का संपूर्ण जीवन समाज सेवा, संगठन विस्तार और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श और कार्यशैली आज भी भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिला प्रभारी सुभाष पटेल, जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, स्व. शिवाजी के पुत्र एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान, मंडल अध्यक्ष दारा सिंह यादव, मंडल अध्यक्ष मोहन सिंह राणावत, किरण शर्मा, वीरेन्द्र पाटीदार सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने स्व. खुमान सिंह शिवाजी के पदचिह्नों पर चलने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने उनके जनहितकारी कार्यों को याद करते हुए उन्हें पार्टी की मजबूत नींव और क्षेत्र की प्रेरणादायी शख्सियत बताया। कार्यक्रम श्रद्धा और सम्मान के भाव के साथ संपन्न हुआ।