द वाॅचमेन पोस्ट
27 February, 2026
अन्य
नीमच । ग्रामीण अंचलों में पारंपरिक खेलों की परंपरा को सशक्त बनाने और युवाओं में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरसीएसए) के अंतर्गत जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन जिला पंचायत नीमच परिसर में किया गया।
प्रतियोगिता में जिले के तीनों विकासखंड — जावद, मनासा और नीमच — से प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग में प्रत्येक ब्लॉक से 25-25 खिलाड़ी मैदान में उतरे और फुर्ती, ताकत और रणनीति के बेहतरीन प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया।
मैदान पर खिलाड़ियों के रोमांचक मुकाबलों के दौरान ग्रामीण खेल संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। खेल प्रेमियों की अच्छी खासी भीड़ ने तालियों और उत्साहवर्धन के साथ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 21 हजार रुपये का नगद पुरस्कार, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 11 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त टीम को 7 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दो टीमों को 1100-1100 रुपये का सांत्वना पुरस्कार भी दिया जाएगा। पुरस्कार वितरण समारोह में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की भी उपस्थिति रहेगी।
खेल एवं युवक कल्याण विभाग ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पारंपरिक भारतीय खेलों से जोड़ना और उनकी खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करना है। विभाग ने कहा कि कबड्डी जैसे खेल गांव-गांव की पहचान रहे हैं और ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने में अहम भूमिका निभाते हैं।
जिला स्तरीय इस प्रतियोगिता ने यह साबित कर दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है; आवश्यकता है तो केवल उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन देने की।