ताजासमाचार

जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन शिविर आयोजित, 25 शिकायतों का मौके पर निराकरण

डेस्क न्यूज 24 February, 2026 अन्य

नीमच। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन, उज्जैन के निर्देशानुसार मंगलवार को जोन के सभी जिलों में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर आयोजित किए गए। इसी क्रम में 24 फरवरी 2026 को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच स्थित सभाकक्ष में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने की। इस दौरान जनसुनवाई के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण पर विशेष फोकस रखा गया। शिविर में पहुंचे आवेदकों ने अपनी समस्याएं सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों को त्वरित और प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए गए।

शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 25 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया। वहीं जनसुनवाई में लगभग 85 आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं। पुलिस अधीक्षक ने सभी मामलों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

जनसुनवाई में भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से जुड़े प्रकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित शिकायतें सहित विभिन्न प्रकार के मामलों पर सुनवाई की गई। पुलिस अधीक्षक ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद रोहित राठौर, प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकिता सिंह सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं संबंधित शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post