ताजासमाचार

आयुष्मान में इलाज करना स्वीकार किया और ऑपरेशन के बाद 1.50 लाख वसूले, अब बिल भी गायब, कलेक्टर के पास पहुंची शिकायत

डेस्क न्यूज 24 February, 2026 अन्य

नीमच । नीमच कलेक्टर की जनसुनवाई में एक पीड़ित परिवार ने निजी अस्पताल पर आयुष्मान योजना के नाम पर ठगी का गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई। मनासा तहसील की निवासी आवेदिका पूजा बंजारा ने बताया कि उनके पति राजू बंजारा का जांघ की हड्डी टूटने पर नीमच के श्री राम मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था।

पीड़िता ने ज्ञापन में आरोप लगाते हुए  बताया सड़क हादसे ने घायल हुए उनके मेरे पति को निजी अस्पताल श्री मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में दिनांक 3 दिसम्बर 2025 को भर्ती करवाया गया था जो 11 दिन अस्पताल में भर्ती रहे। पहले अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि आयुष्मान में हो जाएगा ऑपरेशन फिर ऑपरेशन के बाद मना कर दिया । इस दौरान इलाज के नाम पर लगभग 1.50 लाख रुपये नकद वसूले गए, जबकि आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का इलाज निःशुल्क बताया जाता है। पीड़िता का आरोप है कि योजना लागू होने के बावजूद अस्पताल ने उनसे पैसे लिए और बाद में इलाज के बिल देने से साफ इंकार कर दिया।

पूजा बंजारा ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने 20 फरवरी 2026 को कैंट थाना नीमच में भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक अस्पताल की ओर से कोई बिल या स्पष्ट जवाब नहीं मिला। मजबूर होकर उन्होंने मंगलवार की जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मामले की जांच, बिल उपलब्ध कराने और वसूली गई राशि वापस दिलाने की मांग की।

मामले में सम्बंधित डॉक्टर यशवंत पाटीदार का पक्ष जानना चाहा तो उन्होंने ऑपरेशन थियेटर में होने व 2-3 घंटे बाद बात करने को कहा है।

Related Post