ताजासमाचार

रतनगढ़ थाना क्षेत्र की डीकेन चौकी पुलिस की बड़ी सफलता, दो शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों के आभूषण बरामद

डेस्क न्यूज़ 23 February, 2026 अन्य

नीमच | जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में डीकेन चौकी पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।

मामला 5 फरवरी का है, जब डीकेन निवासी मुकेश पिता श्रीलाल ने पुलिस को रिपोर्ट दी कि उसके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए रतनगढ़ थाना प्रभारी के निर्देशानुसार डीकेन चौकी पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की।

टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। मुखबिर तंत्र और लगातार निगरानी से पुलिस ने कुकड़ेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम टामोटी के दो आरोपियों — लालचंद भील एवं तूफान गुर्जर — को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के कंगन, झुमकी, अंगूठी, नथ, चांदी की पायल, अंगूठियां, बिछिया सहित अन्य जेवरात बरामद किए। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

डीकेन चौकी पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अपराधों पर कड़ी निगरानी और प्रभावी कानून व्यवस्था का संदेश गया है। पुलिस पूछताछ जारी रखे हुए है और अन्य संभावित मामलों की जांच कर रही है।

Related Post