डेस्क न्यूज़
23 February, 2026
अन्य
नीमच। देश के अन्नदाता किसानों के साथ ट्रेड डील के नाम पर हो रहे अन्याय और उनके हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। इसी कड़ी में आगामी 24 फरवरी 2026 को राजधानी भोपाल के विशाल मैदान में एक भव्य 'किसान महा चौपाल' का आयोजन किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी विशेष रूप से भोपाल पहुंच रहे हैं, जहाँ वे देशभर के किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ हुंकार भरेंगे।
नीमच जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने इस महत्वपूर्ण आंदोलन की जानकारी देते हुए बताया कि आज किसान अपनी ही उपज का सही मोल पाने के लिए संघर्ष कर रहा है और सरकार की गलत नीतियों तथा ट्रेड डील के कारण किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। श्री बाहेती ने कहा कि राहुल गांधी जी और मल्लिकार्जुन खरगे जी हमेशा से किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे हैं और भोपाल की यह 'महा चौपाल' किसानों के स्वाभिमान को जगाने और उन्हें उनका अधिकार दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया की इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए नीमच जिले के कांग्रेस जन भी हिस्सा लेंगे। जिला अध्यक्ष बाहेती ने जिले के समस्त ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर अध्यक्षों, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल और विभिन्न विभागों के सभी पदाधिकारियों सहित निष्ठावान कार्यकर्ताओं से यह विशेष अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में एकजुट होकर भोपाल पहुंचें। उन्होंने कहा कि नीमच जिले से कांग्रेस कार्यकर्ता निजी वाहनों से भोपाल पहुंच प्रदेश कांग्रेस के इस आंदोलन में शामिल होंगे ताकि सरकार को किसानों की ताकत का अहसास कराया जा सके।
बाहेती ने बताया कि नीमच जिला हमेशा से ही किसान आंदोलनों में अग्रणी रहा है और इस बार भी यहां के कांग्रेसजन अपनी सक्रिय भागीदारी से यह साबित कर देंगे कि वे किसानों के शोषण को बर्दाश्त नहीं करेंगे। जिला कांग्रेस ने जिले के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे 24 फरवरी को प्रातः 11:30 बजे भोपाल पहुंचकर इस आंदोलन को ऐतिहासिक और सफल बनाएं। यह लड़ाई केवल एक राजनीतिक आंदोलन नहीं, बल्कि हमारे अन्नदाता के सम्मान की लड़ाई है।