डेस्क न्यूज
22 February, 2026
अन्य
मनासा। विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर विकास की गति लगातार तेज होती नजर आ रही है। इसी क्रम में मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने रविवार को शिवपुरिया मंदिर से शिवपुरिया कुएं तक बनने वाली 2.20 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी।
करीब ₹312.08 लाख की लागत से बनने वाली यह सड़क लंबे समय से ग्रामीणों की प्रमुख मांग रही है। मार्ग के जर्जर हालात के कारण आवागमन में हो रही परेशानी अब दूर होगी और डामरीकरण व सुदृढ़ीकरण के बाद ग्रामीणों को सुरक्षित, सुगम और धूलमुक्त सड़क सुविधा मिल सकेगी। स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क निर्माण से न केवल आवागमन आसान होगा बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मारू ने कहा कि मनासा विधानसभा के प्रत्येक गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने सड़क को क्षेत्र के विकास की नई जीवनरेखा बताते हुए कहा कि लगातार प्रयासों से ग्रामीण अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है और आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिला पदाधिकारियों, नगर परिषद अध्यक्ष, सरपंचों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने विधायक के प्रति आभार जताते हुए उत्साह और आतिशबाजी के साथ विकास कार्य का स्वागत किया।