ताजासमाचार

तीन घंटे के श्रमदान से संवरा शहर का हरित भविष्य: पर्यावरण मित्रों ने सुभाष वाटिका और संकल्प वाटिका में चलाया संरक्षण अभियान

डेस्क न्यूज 22 February, 2026 अन्य

नीमच। शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषणमुक्त बनाने के संकल्प के साथ संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था, नीमच के सदस्यों ने रविवार को तीन घंटे का श्रमदान कर पर्यावरण संरक्षण का प्रेरक संदेश दिया। कार्यकर्ताओं ने फव्वारा चौक स्थित सुभाष वाटिका तथा हवाई अड्डा–झांझरवाड़ा मार्ग स्थित विश्व संकल्प पर्यावरण वाटिका में स्वच्छता और पौध संरक्षण अभियान चलाया।

रविवार सुबह 7 बजे से शुरू हुए अभियान में सबसे पहले सुभाष वाटिका परिसर की व्यापक सफाई की गई। कार्यकर्ताओं ने फैले हुए कचरे को एकत्रित कर निस्तारित किया और आसपास की गंदगी हटाकर वातावरण को स्वच्छ बनाने का प्रयास किया। इसके बाद दल विश्व संकल्प पर्यावरण वाटिका पहुंचा, जहां पूर्व में रोपित 1401 से अधिक पौधों की देखभाल की गई। पौधों को पानी पिलाने के साथ ही निंदाई-गुड़ाई कर खरपतवार और कंटीली झाड़ियों को हटाया गया।

संस्था संरक्षक इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि प्रकृति हमें शुद्ध वायु और स्वस्थ वातावरण प्रदान करती है, लेकिन मानव की लापरवाही पर्यावरण को प्रदूषित कर रही है, जो समस्त जीव जगत के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ जीवन देना है तो स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना होगा। पेड़-पौधे हमारे जीवन के सच्चे मित्र हैं और उनकी रक्षा करना हम सबकी जिम्मेदारी है।

संस्था अध्यक्ष किशोर बागड़ी ने बताया कि गत वर्ष विश्व संकल्प पर्यावरण वाटिका में 60 से अधिक प्रजातियों के फलदार, छायादार, फूलदार और औषधीय पौधे लगाए गए थे, जिनमें से सभी जीवित हैं। कभी उजाड़ पड़ी भूमि आज हरियाली से आच्छादित है, जहां विभिन्न प्रजातियों की चिड़ियां और तितलियां दिखाई देती हैं। भूमि पर शंखपुष्पी जैसे औषधीय पौधों का विकसित होना क्षेत्र की जैव विविधता का सुंदर उदाहरण है।

अभियान में संस्था संरक्षक इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल, अध्यक्ष किशोर बागड़ी, सचिव दुलीचंद कनेरिया, उपाध्यक्ष राजकुमार सिन्हा सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। संस्था उपाध्यक्ष राजकुमार सिन्हा ने बताया कि पिछले 11 वर्षों से संस्था निरंतर पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्यरत है और आगे भी यह जनजागरूकता अभियान जारी रहेगा।

Related Post