ताजासमाचार

मोरवन में बड़ा हादसा टला : मंदिर से लौट रही महिलाओं पर गिरा बिजली का खंभा, एक का पैर फैक्चर, ग्रामीणों ने लगाया लापरवाही का आरोप

आशीष बैरागी 22 February, 2026 अन्य

नीमच/मोरवन। शनिवार दोपहर मोरवन में उस समय हड़कंप मच गया जब मंदिर से दर्शन कर घर लौट रही दर्जनों महिलाओं के बीच अचानक एक विद्युत पोल गिर पड़ा। हादसे में एक महिला का पैर फैक्चर हो गया, जबकि दूसरी महिला घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत विद्युत मंडल को सूचना देकर बिजली सप्लाई बंद करवाई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिलाएं सड़क से गुजर रही थीं, तभी अचानक जर्जर विद्युत खंभा भरभराकर गिर गया। पोल गिरते ही क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि खंभा पास में लगे एक लोहे के गेट से अटक गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

ग्रामीणों महेश जाट, पवन राठौर सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि क्षतिग्रस्त पोल की सूचना कई बार विद्युत मंडल के अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन समय रहते उसे बदला नहीं गया। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण ही यह हादसा हुआ है। घायल महिला के परिजनों और समाजजनों ने दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में मोरवन विद्युत विभाग में पदस्थ जूनियर इंजीनियर प्रवीण सावलिया ने कहा कि उन्हें पहले पोल की खराब स्थिति की कोई जानकारी नहीं थी और उन्होंने नौकरी से त्यागपत्र दे दिया है। वहीं डिविजनल इंजीनियर कल्याण सिंह चौहान ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। यदि जांच में किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो सोमवार को टीम गठित कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है और ग्रामीणों में घटना को लेकर रोष व्याप्त है।

Related Post