ताजासमाचार

रतनगढ़ ब्लॉक में संगठनात्मक बैठक व ‘चलो पंचायत चलो’ अभियान की शुरुआत, गांव-गांव पहुंची युवा कांग्रेस

डेस्क न्यूज 18 February, 2026 अन्य

नीमच। रतनगढ़ ब्लॉक में मंगलवार 17 फरवरी 2026 को युवा कांग्रेस द्वारा संगठनात्मक बैठक एवं ‘चलो पंचायत चलो’ अभियान के तहत ग्राम चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम स्थानीय डाक बंगला परिसर में संपन्न हुआ।

यह आयोजन मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के अभियान के अंतर्गत हुआ, जिसमें प्रदेश महामंत्री एवं नीमच जिला प्रभारी विनोद पाटीदार तथा जिला अध्यक्ष मन्नू बना के मार्गदर्शन में जावद विधानसभा उपाध्यक्ष कमल छपरीबंद और रतनगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष अंकित शर्मा के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात जिला कांग्रेस प्रभारी व जिला अध्यक्ष का साफा बांधकर एवं पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता सुरेश शर्मा ने युवाओं को संगठन सुदृढ़ करने और जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं तथा मनरेगा जैसे मुद्दों पर आवाज उठाने की बात कही। जिला प्रभारी विनोद पाटीदार ने युवा साथियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा, जबकि जिला अध्यक्ष मन्नू बना ने संगठन विस्तार पर जोर दिया।

युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अर्जुन गुर्जर, युवा नेता अर्जुन धाकड़, कृपाल मंडलोई ने भी विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन अर्जुन बैरागी ने किया और आभार प्रदर्शन कमल छपरीबंद ने किया।

बैठक के बाद ‘चलो पंचायत चलो’ अभियान की शुरुआत ग्राम पंचायत लोहारिया से की गई, जहां वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और युवा पदाधिकारियों ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद ग्राम पंचायत गरवाड़ा और देहपुर में भी चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों से संवाद किया गया।

कार्यक्रम में ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष नानालाल चारण, मुजीबुर्रहमान, सरफराज नीलगर, किशोर राठौर, श्रवण गुजर, हेमराज गुजर, नितिन सोलंकी, शाबूर खान, कालूराम गुजर सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना और ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उन्हें मंच प्रदान करना रहा।

Related Post