डेस्क न्यूज
17 February, 2026
अन्य
नीमच। नगर पालिका परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने सोमवार दोपहर शहर की सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक और स्वच्छता निरीक्षक भारत सिंह भारद्वाज भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने शहर के 14 से अधिक वार्डों का भ्रमण कर हाजिरी सेंटरों में अचानक पहुंचकर कर्मचारियों की उपस्थिति जांची।
निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारियों को अनुपस्थित पाया गया। इस पर बामनिया ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित स्वच्छता पर्यवेक्षकों के एक-एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए। साथ ही, सफाई कार्य के दौरान अनुपस्थित कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के भी निर्देश जारी किए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ ने वार्ड क्रमांक 1 से 6, 9 से 11 और वार्ड 14, 28, 29, 30 में हाजिरी सेंटरों का निरीक्षण किया। इस दौरान पीपली चौक, नीमच कैंट प्राइवेट बस स्टैंड, महू रोड, हुड़को कॉलोनी और विकास नगर सहित अन्य क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
दुर्गा बामनिया ने कर्मचारियों को ड्रेस कोड में समय पर उपस्थित रहने, कचरा निर्धारित स्थान पर रखने और नियमित रूप से कचरा उठाव सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।