ताजासमाचार

शासकीय शिक्षकों के लिए विशेष कार्यशाला, एलेन इंदौर ने साझा किए IIT-NEET टिप्स

डेस्क न्यूज 16 February, 2026 अन्य

नीमच | जिले के शासकीय विद्यालयों में शिक्षा का स्तर बढ़ाने के लिए कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यशाला Allen Career Institute, इंदौर की सहयोगी में टाउन हॉल में हुई, जिसमें जिलेभर के कक्षा 11वीं और 12वीं के फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स और बायोलॉजी विषय के शिक्षक शामिल हुए।

कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे IIT JEE, NEET और JEE Main की आधुनिक तैयारी पद्धतियों से अवगत कराना था। विशेषज्ञों ने परीक्षा के नवीनतम पैटर्न, प्रश्नों के स्तर और तैयारी की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। उनका मानना है कि प्रारंभिक स्तर से सही मार्गदर्शन मिलने पर ग्रामीण अंचल के छात्र भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी एस.एम. मांगरिया ने कहा कि शिक्षकों की भूमिका वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि शिक्षक स्वयं परीक्षा के स्वरूप, सिलेबस और प्रश्नों की प्रवृत्ति को समझेंगे, तो वे विद्यार्थियों को प्रभावी ढंग से तैयार कर सकेंगे। उनका लक्ष्य है कि जिले के शासकीय विद्यालयों से भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतिष्ठित संस्थानों में चयनित हों।

कार्यशाला में एलेन के अनुभवी शिक्षाविदों ने विषयवार मार्गदर्शन दिया। रसायन शास्त्र के सचिन दुबे ने कॉन्सेप्ट क्लैरिटी और ऑब्जेक्टिव प्रश्नों पर जोर दिया, बायोलॉजी के डॉ. अविनाश पांडे ने NCERT आधारित तैयारी की महत्ता समझाई। गणित के जयशंकर शर्मा ने समय प्रबंधन और शॉर्ट ट्रिक्स साझा कीं, जबकि फिजिक्स के हरिओम त्यागी ने संख्यात्मक प्रश्नों को सरल विधि से हल करने के उपाय बताए।

इस अवसर पर ज्ञानवर्धन श्रीवास्तव, निखिल पाटीदार और प्रणय उपाध्याय भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अनिल व्यास ने किया। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल न केवल शिक्षकों को सशक्त बनाएगी, बल्कि ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के द्वार भी खोलेगी। ऐसे कार्यक्रम जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में मील का पत्थर साबित होंगे।

Related Post