डेस्क न्यूज
15 February, 2026
अन्य
नीमच। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बघाना स्थित प्रसिद्ध सुखेश्वर महादेव धाम में आयोजित तीन दिवसीय “त्रिवेणी धाम अनुष्ठान” रविवार 15 फरवरी को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हो गया। 13 से 15 फरवरी तक चले इस आध्यात्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
अनुष्ठान की शुरुआत पंचांग पूजन और मंडप प्रवेश से हुई। इसके बाद कलश स्थापना, भूमि पूजन, हवन, रुद्राभिषेक, दुग्धाभिषेक, दीप संकल्प और विविध वैदिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न किए गए। तीनों दिनों तक कथा, भजन-कीर्तन और महाप्रसादी का आयोजन हुआ, जिससे पूरा धाम भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
यह संपूर्ण आयोजन मुख्य आचार्य प्रेमप्रकाश गौड़ (गोटू महाराज) के सान्निध्य में संपन्न हुआ। सह-आचार्य दुर्गाशंकर नागदा एवं मनोज शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक विधियां पूर्ण कराईं।
समापन अवसर पर महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन ने क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और सेवा भाव का संदेश दिया।