डेस्क न्यूज
13 February, 2026
अन्य
नीमच। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जावद क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सुखानंद धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पर्व को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
जावद थाना प्रभारी विकास पटेल ने पुलिस टीम के साथ मंदिर परिसर, मुख्य मार्गों, पार्किंग स्थलों और संभावित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान प्रवेश और निकास मार्ग अलग-अलग रखने, श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने तथा मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्लान तैयार किया गया है। आवश्यकता अनुसार डायवर्जन लागू किए जाएंगे और पार्किंग के लिए पृथक स्थान चिन्हित किए गए हैं, ताकि जाम की स्थिति न बने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
टीआई विकास पटेल ने आमजन से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और सहयोग बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महाशिवरात्रि पर्व पर पुलिस बल पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ तैनात रहेगा।