डेस्क न्यूज
12 February, 2026
अन्य
नीमच। जिला प्रशासन द्वारा ‘संकल्प से समाधान’ अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की अभिनव पहल की जा रही है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं और महिलाओं को नि:शुल्क पिंक ड्राइविंग लाइसेंस जारी किए जा रहे हैं, साथ ही उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नि:शुल्क हेलमेट भी प्रदान किए जा रहे हैं।
अभियान के अंतर्गत अब तक 260 महिलाओं ने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए नि:शुल्क पंजीयन कराया है। गुरुवार को जिला पंचायत नीमच में आयोजित विशेष शिविर में विधायक दिलीप सिंह परिहार एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की उपस्थिति में 100 बालिकाओं एवं महिलाओं को ड्राइविंग लाइसेंस की प्रति और हेलमेट वितरित किए गए। लाइसेंस और हेलमेट प्राप्त कर बालिकाओं में विशेष उत्साह देखा गया।
लाभार्थी वैदिका ने कहा कि जिला प्रशासन ने लाइसेंस के साथ हेलमेट प्रदान कर बेटियों की सुविधा के साथ-साथ उनकी सुरक्षा का भी ध्यान रखा है, जो सराहनीय पहल है। विधायक परिहार ने दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि वाहन का उपयोग सकारात्मक उद्देश्यों, विशेषकर शिक्षा और आवश्यक कार्यों के लिए किया जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि लाइसेंस मिलना जिम्मेदारी की शुरुआत है, इसलिए हेलमेट का नियमित उपयोग करें और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अंकिता पंड्या ने बताया कि पंजीकृत 260 महिलाओं में से प्रथम चरण में नीमच की 100 बालिकाओं को लाभान्वित किया गया है। आगामी चरण में जावद और मनासा में भी पिंक ड्राइविंग लाइसेंस एवं हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम संजीव साहू, सहायक संचालक वैभव बैरागी, सीडीपीओ इरफान अंसारी सहित अन्य अधिकारी, बालिकाएं एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।