डेस्क न्यूज
12 February, 2026
अपराध
नीमच। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे सख्त अभियान के तहत नीमच पुलिस ने एक बड़ी और सनसनीखेज कार्रवाई को अंजाम दिया है। रतनगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम लुहारिया जाट में कपास की फसल के बीच छिपाकर उगाई जा रही अवैध अफीम की खेती का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 9 क्विंटल 76 किलोग्राम (कुल 11,600 नग) हरे अफीम के पौधे जब्त किए हैं। जब्त फसल की अनुमानित कीमत करीब 97 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अंकित कुमार जायसवाल के निर्देशन में जिलेभर में अफीम, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया एवं एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रतनगढ़ निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
ड्रोन से खुला राज
दिनांक 11 फरवरी 2026 को पुलिस चौकी जाट को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लुहारिया जाट में कपास की फसल की आड़ में अवैध अफीम की खेती की जा रही है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम ने ड्रोन से खेतों की सर्चिंग करवाई। ड्रोन कैमरे में संदिग्ध पौधे दिखाई देने पर टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
जांच के दौरान खेत आरोपी हिरालाल पिता घिसालाल माली (43 वर्ष) निवासी ग्राम लुहारिया जाट के कब्जे में पाया गया। कपास के पौधों के बीच सुनियोजित ढंग से अफीम के पौधे लगाए गए थे, ताकि किसी को शक न हो। मौके पर विधिवत तौल करने पर कुल 9 क्विंटल 76 किलोग्राम वजन के 11,600 हरे अफीम पौधे पाए गए।
आरोपी गिरफ्तार, मामला दर्ज
पुलिस ने एनडीपीएस अधिनियम 1985 के तहत अवैध अफीम की फसल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध खेती के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोज सिंह जादौन एवं उनकी टीम की विशेष भूमिका रही। ड्रोन तकनीक के उपयोग से की गई इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि नशे के काले कारोबार पर अब पुलिस की पैनी नजर है और ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।