ताजासमाचार

रेलवे पुलिया के नीचे मिला 58 वर्षीय बुजुर्ग का शव, क्षेत्र में सनसनी

डेस्क न्यूज 11 February, 2026 अन्य

नीमच। जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम मत्याखेड़ी में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर रेलवे पुलिया के नीचे एक 58 वर्षीय बुजुर्ग का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को खबर दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को सरपंच और परिजनों की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। मृतक की पहचान परसराम पिता मांगीलाल बावरी (58 वर्ष) निवासी ग्राम मुंडली, तहसील मल्हारगढ़, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। बताया गया कि परिजन वर्तमान में मत्याखेड़ी स्थित अपने खेत पर निवास कर रहे थे।

जिला अस्पताल में मृतक के पुत्र भूपेंद्र बावरी ने बताया कि उनके पिता पिछले कुछ वर्षों से खेत पर अकेले रह रहे थे। वे पूरी तरह स्वस्थ थे और उनका किसी से कोई विवाद भी नहीं था। ऐसे में पुलिया के नीचे शव मिलने से परिवार गहरे सदमे में है।

पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई और शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक खेत पर अकेले रहते थे और उनका शव खेत से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर पुलिया के नीचे मिला है। यह सवाल भी उठ रहा है कि वे वहां तक कैसे पहुंचे। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी है।

Related Post